Nagpur News नागपुर में जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा, कांग्रेस ने सात सदस्यीय टीम गठित की है, जो हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी और स्थिति का आकलन करेगी।

हिंसा में बड़े पैमाने पर नुकसान, प्रशासन ने शुरू की भरपाई प्रक्रिया
हालिया हिंसा के दौरान नागपुर में 61 वाहनों को नुकसान पहुंचा, जिसमें 36 कार, 22 दोपहिया वाहन, एक क्रेन, दो जेसीबी और एक मकान शामिल हैं। सरकार द्वारा किए गए पंचनामा में इस क्षति की पुष्टि हुई है। जिला प्रशासन ने नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आज कोर्ट में पेश होंगे हिंसा के आरोपी
इस हिंसा के मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, 51 अन्य आरोपियों की पुलिस कस्टडी आज, 21 मार्च को समाप्त हो रही है। इनमें हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान भी शामिल हैं। सभी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने दंगाइयों पर दागे थे 378 आंसू गैस के गोले
हिंसा को काबू में करने के लिए पुलिस ने 17 मार्च को 378 आंसू गैस के गोले दागे थे। गणेशपुर पुलिस ने इस मामले में 6 केस दर्ज किए हैं, जिनमें 1200 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 200 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई आरोपी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए इलाके से फरार हो गए हैं।
कांग्रेस ने बनाई सात सदस्यीय टीम
कांग्रेस ने हिंसा की समीक्षा और स्थानीय लोगों से संवाद के लिए सात सदस्यीय टीम गठित की है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के निर्देश पर बनाई गई इस टीम में माणिक राव ठाकरे, हुसैन दलवाई, नितिन राउत, यशोमती ठाकुर, साजिद पठान जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। समिति के संयोजक विकास ठाकुर और समन्वयक प्रफुल्ल गुरुदेव पाटिल होंगे।
हिंसा की पृष्ठभूमि: कैसे भड़की आग?
हिंसा विहिप और बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद फैली अफवाहों के चलते भड़की। कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई, जिसके बाद नागपुर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। अब तक राज्य में पुलिस बल हाई अलर्ट पर है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।