हरियाणा और पंजाब के कुछ शहरों में सीवियर कोल्ड वेव यानि गंभीर शीतलहर चलने की संभावना बन रही है। भारत मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों का मौसम अनुमान जारी किया। इसके अनुसार आने वाले पांच दिनों में भीषण शीतलहर चल सकती है। बुधवार को हिसार में सीजन का दूसरा कोल्ड डे दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को भी कोल्ड डे दर्ज किया गया था।
कड़ाके की ठंड में लोगों के हाथ-पैरों में गलन महसूस होने लगी है। बुधवार दोपहर को धूप तो निकली, मगर शीतलहर के कारण लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिली। शाम चार बजे के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। हिसार में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम रहकर 15 डिग्री तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम रहकर 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह भी ऐसा ही मौसम बना रहा। धूप के दर्शन नहीं हुए।